रामगढ़, 01 जुलाई: हुल दिवस के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित ब्लॉक ‘ए’ में जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित अन्य अधिकारियों ने हुल क्रांति के अमर वीर शहीद सिदो मुर्मू, कान्हू मुर्मू, फूलो मुर्मू, झानो मुर्मू, चांद मुर्मू एवं भैरव मुर्मू के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
उपायुक्त ने कहा कि हुल क्रांति भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। सिदो-कान्हू सहित हुल आंदोलन के सभी वीर सेनानियों ने जल, जंगल और जमीन तथा अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी शासन के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका त्याग, साहस और बलिदान आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि हुल दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, बलिदान और आदर्शों को स्मरण करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है। जिला प्रशासन उनके योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन करता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने हुल क्रांति के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके आदर्शों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाहरणालय के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।