आज से शुरू होगा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 29 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ

Spread the News

रामगढ़, 30 जून: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक जिले में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, जिसे भरकर हस्ताक्षर सहित बीएलओ को जमा करना होगा। इसकी एक प्रति मतदाता को रसीद के रूप में वापस दी जाएगी।

जिला समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ऋतुराज ने बताया कि एन्यूमरेशन चरण में मतदाताओं से किसी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। केवल सत्यापन अवधि (5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026) के दौरान चिन्हित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे। जिन मतदाताओं का नाम पूर्ववर्ती एसआईआर मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि प्रवासी श्रमिक, राज्य से बाहर पढ़ाई कर रहे छात्र तथा अन्य अनुपस्थित मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य के माध्यम से ECINET पोर्टल अथवा बीएलओ से गणना प्रपत्र प्राप्त कर इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से जमा करा सकते हैं।

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त ने बताया कि जिले के बड़कागांव एवं रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 7,55,455 मतदाताओं में से 6,16,585 मतदाताओं (81.62 प्रतिशत) की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि 1,38,870 मतदाताओं का मैपिंग कार्य शेष है।

उन्होंने जानकारी दी कि 30 जून को सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की बैठक आयोजित होगी। इस दौरान निर्वाचन आयोग की जागरूकता सामग्री का वाचन किया जाएगा तथा #JharkhandSIR हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें ईएलसी सदस्य, मतदाता, सामाजिक कार्यकर्ता तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट भी भाग लेंगे।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आम मतदाताओं से भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950, ECINET पोर्टल और ECINET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।