रामगढ़, 28 जून: जिला प्रशासन ने आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करते हुए शनिवार को कुल ₹52,65,500 की मुआवजा राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की। प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता और उपायुक्त ऋतुराज ने संयुक्त रूप से राहत राशि का वितरण किया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि विभिन्न प्राकृतिक एवं आकस्मिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। वज्रपात से मृत पांच व्यक्तियों के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान दिया गया। वहीं वज्रपात में मारे गए 16 दुधारू एवं अन्य पशुओं के मालिकों को आजीविका की क्षति की भरपाई के लिए मुआवजा प्रदान किया गया।
इसके अलावा पानी में डूबने से जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता दी गई, जबकि सड़क दुर्घटनाओं में मृत तीन व्यक्तियों के परिवारों को भी आपदा राहत कोष से मुआवजा उपलब्ध कराया गया।
इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन आपदा की हर घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है तथा पीड़ितों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ऋतुराज ने सभी अंचल अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आपदा राहत से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी पीड़ित परिवार को सहायता प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि राहत राशि का डीबीटी के माध्यम से भुगतान कर प्रक्रिया में पारदर्शिता और त्वरित वितरण सुनिश्चित किया गया है।