रामगढ़, 26 जून: जिला ग्रामीण विकास शाखा, रामगढ़ के तत्वावधान में गुरुवार को समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय “आमोत्सव-सह-बागवानी मेला” का भव्य आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन उपायुक्त ऋतुराज, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता एवं सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों ने मालदा, लंगड़ा, जर्दालू, आम्रपाली और मल्लिका सहित उन्नत किस्म के आमों के साथ-साथ औषधीय, सजावटी एवं फलदार पौधों की प्रदर्शनी लगाई। उपायुक्त एवं अन्य अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर किसानों के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि रामगढ़ में बागवानी और आम उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे आयोजनों से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी मिलती है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और किसानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।
उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें वैज्ञानिक बागवानी की ओर प्रेरित करने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। मनरेगा समेत विभिन्न योजनाओं के समन्वय से जिले में आम एवं मिश्रित बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान रामगढ़ के आमों को दुबई और यूके तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों एवं प्रगतिशील किसानों को प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस अभियान में सहयोग करने वाले प्रदान एनजीओ को भी सम्मानित किया गया।
मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, कृषि विशेषज्ञों और किसानों ने भाग लिया। कृषि वैज्ञानिकों ने तकनीकी सत्र के माध्यम से किसानों को कीट प्रबंधन, फसल संरक्षण और बागवानी की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। आयोजन का उद्देश्य किसानों को बाजार से जोड़ना, उनकी आय बढ़ाना तथा जिले में बागवानी को प्रोत्साहित करना रहा।