अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर जिला स्तरीय बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन, उपायुक्त ने किया शुभारंभ

Spread the News

रामगढ़, 24 जून। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेलों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा जिला स्तरीय बैडमिंटन एवं तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। समाहरणालय छत्तर मांडू स्थित स्विमिंग पूल एवं बैडमिंटन कोर्ट परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त ऋतुराज ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया।

प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में बाल एवं युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया और खिलाड़ियों के खेल कौशल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को तकनीकी सुधार एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसके बाद उन्होंने स्विमिंग पूल परिसर का भ्रमण कर तैराकी प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों से संवाद किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना जैसे गुणों का भी विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकें।

जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता के सफल संचालन की उपस्थित अभिभावकों एवं खेल संघों ने सराहना की। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. प्रभात शंकर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।