सीबीआई की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा गया सीसीएल कर्मी, बरका-सयाल में हड़कंप

Spread the News

रामगढ़, 23 जून: रामगढ़ जिले के बरका-सयाल क्षेत्र में सोमवार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीसीएल के एक कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान अरुण सिन्हा के रूप में हुई है, जो सीसीएल के सौंदा रीजनल स्टोर में कार्यरत बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम को कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सीबीआई की कार्रवाई के बाद सीसीएल के बरका-सयाल क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को अपने साथ ले गई। मामले में आरोपी के कार्यालय और अन्य संबंधित स्थानों पर भी जांच की जा सकती है। फिलहाल सीबीआई की ओर से आधिकारिक रूप से रिश्वत की राशि और शिकायत के स्वरूप को लेकर विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

उल्लेखनीय है कि कोयला क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों को लेकर सीबीआई पहले भी रामगढ़ और सीसीएल के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में कार्रवाई कर चुकी है। हाल के वर्षों में सीसीएल से जुड़े कई मामलों में एजेंसी ने ट्रैप और छापेमारी की कार्रवाई की है।

सीबीआई की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इससे जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की संभावना है।