जनता दरबार में रामगढ़ उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 20 जून: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने सभी फरियादियों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा पेंशन, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का सीधे समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित हो सके।