उपायुक्त ऋतुराज बने ‘क्लास टीचर’, चटाक विद्यालय में बच्चों को पढ़ाया और दिया सफलता का मंत्र

Spread the News

औचक निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता, ICT लैब, मिड-डे मील और खेल मैदान का लिया जायजा

रामगढ़, 18 जून: जिले में शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने दुलमी प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, चटाक का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, तकनीकी संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वयं ‘क्लास टीचर’ की भूमिका में नजर आए। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया और उनसे संवाद कर उनकी शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए हर सपना साकार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से अभी से अपना लक्ष्य निर्धारित कर पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से पाठ्य पुस्तक, छात्रवृत्ति, पोशाक एवं साइकिल योजना की राशि मिलने की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना से कोई भी पात्र छात्र वंचित न रहे। साथ ही विद्यालय परिसर में अनुशासन एवं स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

विद्यालय की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्राचार्य एवं शिक्षकों को सभी कक्षाओं का सिलेबस समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम पूर्ण होने के बाद विद्यार्थियों को पर्याप्त समय रिवीजन के लिए मिलना चाहिए, ताकि वे परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

आधुनिक शिक्षा व्यवस्था की स्थिति का आकलन करने के लिए उपायुक्त ने विद्यालय की आईसीटी लैब का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटरों की कार्यशीलता जांची तथा छात्र-छात्राओं की कंप्यूटर दक्षता का परीक्षण करते हुए उनसे प्रायोगिक कार्य भी करवाए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय कार्यालय का निरीक्षण कर नोटिस बोर्ड, शिक्षक उपस्थिति पंजी एवं अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने नोटिस बोर्ड पर सूचनाओं के नियमित अद्यतन का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने मिड-डे मील योजना की समीक्षा करते हुए रसोईघर की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बच्चों के सर्वांगीण विकास में खेलकूद के महत्व को रेखांकित करते हुए उपायुक्त ने विद्यालय के खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। मैदान की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल मैदान को जल्द अपग्रेड और सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रवींद्र कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार, अंचल अधिकारी किशोरी यादव, जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित थे।