नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर रामगढ़ में जागरूकता रैली, ग्रामीणों ने ली शपथ

Spread the News

रामगढ़, 18 जून: उपायुक्त ऋतुराज के मार्गदर्शन में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के सहयोग से रामगढ़ जिले के सभी प्रखंडों में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना था।

जागरूकता रैली में स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की दीदियों, ग्राम संगठन (वीओ) की कार्यकारिणी समिति के सदस्यों, जेंडर सीआरपी, पंचायत समिति सदस्यों, वार्ड सदस्यों एवं अन्य सामुदायिक कैडरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान गांवों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक असर तथा स्वस्थ जीवन के लिए नशामुक्त रहने के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने तथा अपने गांव और समुदाय को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और अवैध मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी जानकारी को संबंधित विभागों तक पहुंचाएं।

जिला प्रशासन ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाकर नशे की समस्या को जड़ से समाप्त करना तथा स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण करना है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।