एवियन (फ्रांस), 17 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के एवियन पहुंचे, जहां दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर चर्चा हुई। शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात भी हुई, जिसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष ध्यान आकर्षित किया।
फ्रांस की मेजबानी में आयोजित 52वें जी-7 शिखर सम्मेलन में ऊर्जा सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), वैश्विक अर्थव्यवस्था, रूस-यूक्रेन संघर्ष, पश्चिम एशिया की स्थिति और आपूर्ति श्रृंखला जैसी चुनौतियों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। भारत को लगातार आठवीं बार इस मंच पर आमंत्रित किया गया है, जो वैश्विक स्तर पर उसकी बढ़ती भूमिका और प्रभाव को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रम्प की यह करीब 16 महीनों में पहली आमने-सामने की मुलाकात रही। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से अभिवादन किया और संक्षिप्त बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा सहयोग, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक साझेदारी से जुड़े मुद्दों पर आगे विस्तृत द्विपक्षीय वार्ता भी प्रस्तावित है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एवियन पहुंचने के बाद कहा कि भारत वैश्विक चुनौतियों के समाधान और एक अधिक समृद्ध एवं टिकाऊ भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक दक्षिण की आकांक्षाओं और चिंताओं को भी इस मंच पर मजबूती से रखेगा।
जी-7 शिखर सम्मेलन में भारत की सक्रिय भागीदारी को वैश्विक कूटनीति में उसकी बढ़ती भूमिका और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर प्रभावशाली हस्तक्षेप के रूप में देखा जा रहा है।