नितिन नबीन के झारखंड दौरे पर भाजपा की नजर, संगठन विस्तार और रणनीति पर होगा मंथन

Spread the News

रांची, 04 जून: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 6 और 7 जून को प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला झारखंड दौरा होगा, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने दौरे को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर बैठकें शुरू कर दी हैं। हाल ही में आदित्य साहू ने नई दिल्ली में नितिन नबीन से मुलाकात कर झारखंड से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की थी।

जानकारी के अनुसार, रांची में राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके अलावा प्रबुद्धजन संवाद, युवा संवाद तथा राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।

भाजपा नेताओं का मानना है कि राज्यसभा चुनाव से पहले होने वाला यह दौरा पार्टी को नई ऊर्जा देगा और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश भी देंगे।

प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है। पार्टी की ओर से उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे को झारखंड भाजपा के लिए संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति तय करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।