झारखंड पुलिस ने विशेष शाखा में बड़ा फेरबदल, 15 डीएसपी का तबादला

Spread the News

रांची, 03 जून: झारखंड पुलिस मुख्यालय ने विशेष शाखा (स्पेशल ब्रांच) की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 15 पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) के तबादले एवं प्रतिनियुक्ति का आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस फेरबदल से विभिन्न जिलों और इकाइयों में पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता तथा समन्वय में सुधार होगा।

जारी अधिसूचना के अनुसार विशेष शाखा मुख्यालय में कार्यरत अधिकारियों को राज्य के विभिन्न जिलों एवं महत्वपूर्ण इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिन जिलों में अधिकारियों की पदस्थापना की गई है, उनमें रांची ग्रामीण, खूंटी, कोडरमा, रामगढ़, देवघर, चतरा, लातेहार, गढ़वा, लोहरदगा, हजारीबाग, गुमला और सिमडेगा शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को स्थापना शाखा, सुरक्षित कार्यालय तथा अन्य प्रशासनिक इकाइयों में तैनात किया गया है।

तबादला सूची में कुंवर सिंह, विनायक सिंह, नीरज कुमार सिंह, प्रवेश कुमार, संदीप गुर्जर, अजय कुमार, मुकेश कुमार पांडेय, शिवेंद्र, बिधा भूषण, अतीन कुमार, संजीवदास टोप्पो, मो. तौफिक आलम, अरविंद कुमार वर्मा, गन्दूर उरांव और दीपाली नायक के नाम शामिल हैं।

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी), विशेष शाखा द्वारा जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने तथा विधिवत कार्यभार हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य में कानून-व्यवस्था और खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।