गयाजी के शुभम कुमार बने JEE एडवांस्ड 2026 के ऑल इंडिया टॉपर, AIR-1 हासिल कर रचा इतिहास

Spread the News

पटना/गया, 1 जून। बिहार के गया जिले के होनहार छात्र शुभम कुमार ने देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE एडवांस्ड 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल कर राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है। शुभम ने परीक्षा में 360 में से 330 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया। परीक्षा परिणाम सोमवार को घोषित किए गए।

गया के नदरगंज-ब्रह्मणी घाट क्षेत्र के रहने वाले शुभम कुमार की इस उपलब्धि पर पूरे बिहार में खुशी की लहर है। शुभम पिछले दो वर्षों से राजस्थान के कोटा में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता शिव कुमार गया में हार्डवेयर व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं।

शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और लगातार मेहनत को दिया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया से दूरी बनाकर और नियमित अध्ययन के जरिए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया।

बिहार सरकार की ओर से भी शुभम को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने शुभम कुमार को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता बिहार के लाखों छात्रों के लिए प्रेरणा है और यह साबित करती है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र या संसाधन की मोहताज नहीं होती।

इस वर्ष JEE एडवांस्ड परीक्षा में कुल 1.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। इनमें शुभम कुमार ने शीर्ष स्थान प्राप्त कर देशभर के छात्रों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है।