रामगढ़, 26 मई: भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिले भर में आम नागरिकों के लिए पेयजल एवं आवश्यक जनसुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है।
जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न सरकारी कार्यालयों, प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंडों, सार्वजनिक स्थलों तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। सभी संबंधित कार्यालयों के बाहर आम लोगों के लिए पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, ताकि गर्मी के दौरान लोगों को राहत मिल सके।
प्रशासन की ओर से जिले के कई क्षेत्रों में पियाऊ संचालित किए जा रहे हैं, जहां नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही संबंधित विभागों को इसकी सतत निगरानी का निर्देश दिया गया है। खराब पड़े चापाकलों एवं जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भी त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जहां आवश्यकता महसूस की जा रही है, वहां वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि गर्मी के इस मौसम में आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें तथा बहुत जरूरी होने पर ही धूप में बाहर निकलें। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह भी दी गई है।