सीबीएसई के 12वीं आंसर शीट की स्कैन कॉपी के लिए छात्रों को परेशानी, दूसरे दिन भी प्रभावित रहा पोर्टल

Spread the News

नई दिल्ली, 21 मई: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा की आंसर शीट की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए छात्रों को लगातार दूसरे दिन भी तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन फेल, पेमेंट एरर और बार-बार वेबसाइट क्रैश होने की शिकायतें सामने आईं, जिससे हजारों छात्र आवेदन नहीं कर सके।

सीबीएसई ने आधिकारिक सूचना जारी कर स्वीकार किया कि पोर्टल तकनीकी गड़बड़ियों से प्रभावित है और विशेषज्ञों की टीम समस्या को दूर करने में जुटी है। बोर्ड ने छात्रों से धैर्य बनाए रखने की अपील की।

तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए बोर्ड ने स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तिथि 22 मई से बढ़ाकर 23 मई कर दी है।

सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन मंचों पर छात्रों एवं अभिभावकों ने नाराजगी जताई। कई छात्रों ने आरोप लगाया कि शुल्क भुगतान के बाद भी आवेदन सफल नहीं हो रहा था। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि उन्हें बार-बार “साइट अपडेट हो रही है” का संदेश मिल रहा था।

इस वर्ष सीबीएसई की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा है। कई छात्रों ने कम अंक मिलने और उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग में त्रुटियों का आरोप लगाया था। इसके बाद शिक्षा मंत्रालय को भी हस्तक्षेप करना पड़ा था।

हालांकि देर शाम बोर्ड ने दावा किया कि पोर्टल दोबारा सुचारु रूप से काम करने लगा है और कुछ घंटों में लाखों आवेदन प्राप्त हुए हैं।