रक्सौल बॉर्डर पर हड़कंप, SSB ने चाइनीज नागरिक को दबोचा

Spread the News

रक्सौल/मोतिहारी 18 मई: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले स्थित भारत-नेपाल सीमा पर उस समय हड़कंप मच गया, जब सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने एक संदिग्ध चीनी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई रक्सौल बॉर्डर के मैत्री पुल के पास की गई, जहां सुरक्षा जांच के दौरान विदेशी नागरिक की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं।

जानकारी के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान चीन के शानडोंग प्रांत निवासी याओ शुजांग के रूप में हुई है। वह नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। जांच के दौरान उसके पास चीनी पासपोर्ट मिला, लेकिन वैध भारतीय वीजा नहीं पाया गया। इसके बाद SSB जवानों ने उसे हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि चीनी नागरिक ई-रिक्शा से नेपाल की ओर जा रहा था। तलाशी के दौरान उसके बैग से कुछ संदिग्ध सामान और लड़ाकू विमान जैसा खिलौना भी बरामद हुआ, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गईं। एजेंसियां उसके मोबाइल, दस्तावेजों और संपर्कों की भी जांच कर रही हैं।

पूछताछ में भाषा सबसे बड़ी समस्या बनी हुई है, क्योंकि गिरफ्तार व्यक्ति केवल चीनी भाषा जानता है। ऐसे में दुभाषिये की मदद से उससे पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह खिलौना कारोबार से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की जांच कर रही हैं।

घटना के बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। SSB, इमिग्रेशन विभाग और खुफिया एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर चीनी नागरिक का भारत आने का मकसद क्या था और उसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।