झारखंड मॉनसून अपडेट: इस बार 12 दिन पहले दस्तक दे सकता है मॉनसून, IMD ने जताई संभावना

Spread the News

रांची, 17 मई: भीषण गर्मी से जूझ रहे झारखंडवासियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिए हैं कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य तिथि से पहले झारखंड में प्रवेश कर सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, केरल में मॉनसून 26 मई तक पहुंचने की संभावना है, जो सामान्य तिथि 1 जून से करीब 6 दिन पहले है।

मौसम विभाग का मानना है कि यदि मॉनसून की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो झारखंड में भी इसकी एंट्री सामान्य समय से करीब 10 से 12 दिन पहले हो सकती है। आमतौर पर झारखंड में मॉनसून 15 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके जून के पहले सप्ताह में ही दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है।

IMD के अनुसार बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और निकोबार द्वीप समूह के आसपास अनुकूल मौसमीय परिस्थितियां बन रही हैं, जिससे मॉनसून तेजी से आगे बढ़ सकता है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि समय से पहले मॉनसून आने से किसानों को खरीफ फसलों की बुआई में लाभ मिलेगा। साथ ही भीषण गर्मी और लू से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मॉनसून की वास्तविक प्रगति समुद्री परिस्थितियों और वायुमंडलीय बदलावों पर निर्भर करेगी।

इधर, रांची समेत राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों के दौरान आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।