पेट्रोल-डीजल महंगा, कांग्रेस का हमला “चुनाव खत्म, अब वसूली शुरू” : ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी पर सियासत तेज

Spread the News

नई दिल्ली, 16 मई: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “चुनाव खत्म होते ही मोदी सरकार की वसूली शुरू हो गई है।” पार्टी ने महंगाई को लेकर सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।

विपक्षी दलों का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम आदमी पहले ही परेशान है और अब ईंधन कीमतों में इजाफा होने से परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुएं भी महंगी हो सकती हैं। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी तंज कसते हुए कहा कि अब लोगों के पास “साइकिल” ही विकल्प बचा है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर घरेलू बाजार पर पड़ा है। हालांकि केंद्र सरकार का कहना है कि हाल के महीनों में एक्साइज ड्यूटी में कटौती कर उपभोक्ताओं को राहत देने की कोशिश की गई थी।