जमशेदपुर में 90% पेट्रोल पंप हुए ड्राई, राशनिंग से बढ़ी लोगों की परेशानी
रांची/जमशेदपुर, 15 मई: झारखंड में पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने से ईंधन संकट गहराता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर ताले लटकने लगे हैं, जबकि जहां पंप खुले हैं वहां सीमित मात्रा में पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया वाहनों को केवल 200 रुपये और चारपहिया वाहनों को 500 रुपये तक का ही पेट्रोल दिया जा रहा है।
सबसे खराब स्थिति जमशेदपुर की बताई जा रही है। शहर के 36 पेट्रोल पंपों में से 32 पंप बुधवार रात तक ड्राई हो चुके थे। हालांकि गुरुवार को कुछ पंपों पर आपूर्ति पहुंचने के बाद उन्हें खोला गया, लेकिन वहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों की लंबी कतारें लग गईं और कई जगहों पर घंटों इंतजार के बाद लोगों को ईंधन मिल पाया।
शहर के लगभग सभी प्रमुख पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतारें सड़कों तक पहुंच गईं, जिससे यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। कई स्थानों पर लोग बंद पड़े पंपों के बाहर भी उनके खुलने की उम्मीद में इंतजार करते नजर आए।
पिछले दो दिनों से अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। लोगों में ईंधन खत्म होने की आशंका के चलते अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। आम नागरिकों के साथ-साथ टैक्सी, ऑटो और मालवाहक वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिलने के कारण उन्हें राशनिंग करनी पड़ रही है। यदि जल्द ही नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और बिगड़ सकती है। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।