रांची, 14 मई: संतोष कुमार गंगवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सेव फ्यूल’ और ऊर्जा संरक्षण अभियान से प्रेरित होकर बड़ा फैसला लिया है। राज्यपाल ने अपने आधिकारिक कारकेड में वाहनों की संख्या घटाकर मात्र चार करने का निर्णय लिया है।
राजभवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह कदम ईंधन संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सरकारी संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उठाया गया है। राज्यपाल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर अनावश्यक वाहनों के उपयोग को कम करने की दिशा में यह पहल की गई है।
राज्यपाल ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से भी अपील की है कि वे जरूरत के अनुसार ही वाहनों का इस्तेमाल करें और ईंधन बचत अभियान में सहयोग दें। उनका कहना है कि छोटी-छोटी पहल से बड़े स्तर पर ऊर्जा संरक्षण संभव है।
हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग और संसाधनों की बचत पर जोर दे रहे हैं। इसी कड़ी में झारखंड राजभवन का यह कदम चर्चा का विषय बना हुआ है।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को सादगी और जिम्मेदार शासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अन्य वीआईपी और सरकारी विभाग भी इस तरह की पहल करें तो ईंधन बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।