बिरहोर समुदाय के विकास योजनाओं का उपायुक्त ने लिया जायजा

Spread the News

रामगढ़, 14 मई: ऋतुराज ने बुधवार को मांडू प्रखंड अंतर्गत सुगिया क्षेत्र स्थित बिरहोर टोला का दौरा कर वहां संचालित विकास योजनाओं एवं मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिरहोर परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों तथा सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरहोर समुदाय की आवासीय व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिरहोर समुदाय के सभी पात्र परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना, पेंशन योजना एवं मनरेगा सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को प्राथमिकता के आधार पर लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही बच्चों की शिक्षा व्यवस्था एवं विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बिरहोर टोला में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने, कुपोषण एवं मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने को कहा गया।

उपायुक्त ने कहा कि विशेष जनजातीय समुदायों के समग्र विकास और सामाजिक सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र का नियमित भ्रमण कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। दौरे के दौरान उप विकास आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।