आभा कार्ड निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, निजी अस्पतालों की हुई समीक्षा

Spread the News

रामगढ़, 09 मई: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत जिले के निजी स्वास्थ्य संस्थानों की कार्य प्रगति की समीक्षा को लेकर शुक्रवार को सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने की।

बैठक में सिविल सर्जन ने निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों का आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) कार्ड बनाना अनिवार्य है। साथ ही अस्पतालों में इससे संबंधित जागरूकता गतिविधियों एवं प्रचार-प्रसार को भी व्यापक स्तर पर चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़े भारत सरकार के पोर्टल पर सभी निजी अस्पतालों का पंजीकरण आवश्यक है। निजी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक जानकारियां समय पर उपलब्ध कराएं।

बैठक में मौजूद राज्य स्तरीय टीम ने बताया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत पंजीकृत सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों का डाटा पूरी तरह सुरक्षित एवं गोपनीय रखा जाता है। टीम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर आम लोगों को सरल, पारदर्शी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भारत सरकार का उद्देश्य है।

बैठक के दौरान राज्य स्तरीय टीम एवं जिला प्रशासन द्वारा निजी अस्पतालों के प्रतिनिधियों को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व, आभा कार्ड निर्माण एवं पोर्टल पंजीकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही कार्यों में तेजी लाने एवं निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. उदय शंकर श्रीवास्तव ने निजी स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

बैठक में राज्य स्तरीय टीम से डॉ. रंजन सिन्हा, कैपेसिटी बिल्डिंग ऑफिसर, ABDM एवं यश नंदे, बिजनेस एनालिस्ट (आईटी), ABDM उपस्थित थे। वहीं जिला स्तर से जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. उदय शंकर श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, केयर एचएमआईएस के प्रतिनिधि तथा जिले के विभिन्न निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।