समावेशी शिक्षा के तहत बीएड प्रशिक्षुओं का शैक्षणिक भ्रमण, दिव्यांग बच्चों संग बांटी खुशियां

Spread the News

रामगढ़, 29 अप्रैल: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग द्वारा समावेशी शिक्षा के अंतर्गत सत्र 2024–2026 के बीएड प्रशिक्षुओं का शैक्षणिक भ्रमण आवासीय विकलांग विद्यालय सुकरीगड़ा (लारी) में कराया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति छात्रों में संवेदनशीलता, सहयोग की भावना एवं समावेशी शिक्षा के महत्व को विकसित करना रहा।

भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं को विद्यालय की शिक्षण पद्धति, उपलब्ध सुविधाओं तथा दिव्यांग बच्चों के लिए किए जा रहे विशेष प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही, बीएड प्रशिक्षुओं ने भी बच्चों के बीच आवश्यक एवं मनोरंजक सामग्री वितरित कर उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी। कार्यक्रम में बच्चों और प्रशिक्षुओं के बीच आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने कहा कि समावेशी शिक्षा समाज में समानता और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने इस तरह के कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सामाजिक और नैतिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

कार्यक्रम की सफलता पर विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार एवं प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने संयुक्त रूप से प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों को बधाई दी।

इस मौके पर शिक्षा विभाग के सभी व्याख्यातागण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिक्षा विभाग की यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।