झारखंड के मंत्री राधाकृष्ण किशोर अस्पताल में भर्ती

Spread the News

रांची, 29 अप्रैल: झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ताजा जानकारी के अनुसार उन्हें रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार से लौटे थे। लगातार दौरे और भीषण गर्मी के कारण उनकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और लू लगने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते उन्हें कमजोरी और असहजता महसूस हुई, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।

मंगलवार सुबह उनकी स्थिति बिगड़ने पर तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, लेकिन एहतियातन उन्हें निगरानी में रखा गया है।

इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अस्पताल पहुंचकर मंत्री का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

घटना के बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पार्टी नेताओं और समर्थकों ने मंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण अस्पताल में भर्ती हो चुके हैं, जिससे उनकी सेहत को लेकर समय-समय पर चिंता जताई जाती रही है।