पलामू में आसमान से बरसती आग!, हर दिन टूट रहा गर्मी का रिकॉर्ड, रविवार को 44.9 डिग्री पहुंचा तापमान

Spread the News

डाल्टनगंज (पलामू), 27 अप्रैल: झारखंड की गर्मी का सबसे सख्त कहर पलामू जिले पर टूट पड़ा है। रविवार को डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो न सिर्फ इस सीजन का सबसे ऊंचा तापमान है, बल्कि राज्य में भी सबसे गर्म जगह साबित हुआ। इससे एक दिन पहले शनिवार को ही 44.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। यानी लगातार दो दिन में गर्मी का नया रिकॉर्ड बन गया।

सुबह आठ बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं (लू) का सिलसिला शुरू हो जाता है। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। लोग घर से निकलते वक्त चेहरे को गमछे या तौलिए से ढक ले रहे हैं। बाजार और दुकानें भी दोपहर में लगभग बंद-सी नजर आ रही हैं।

पलामू में अप्रैल महीने में ही तापमान 44-45 डिग्री के करीब पहुंच गया है, जो सामान्य से 4-6 डिग्री ज्यादा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मार्च के दूसरे सप्ताह से शुरू हुई गर्मी अब जानलेवा रूप लेती जा रही है। पिछले कुछ सालों में पलामू का औसत तापमान लगातार बढ़ रहा है।

भीषण गर्मी के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। लू लगने के मामले बढ़ गए हैं। अभिभावक स्कूलों को तुरंत बंद करने की मांग कर रहे हैं। कई अभिभावकों ने पलामू उपायुक्त से गुहार लगाई है कि बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए सरकारी और निजी स्कूलों को बंद किया जाए। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर हैं।

पलामू हमेशा से झारखंड का सबसे गर्म इलाका रहा है, लेकिन इस बार अप्रैल के अंत में ही इतनी भीषण गर्मी ने सभी को हैरान कर दिया है।