पुरुलिया, 19 अप्रैल 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तीन दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच गए हैं। 2026 के बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में प्रचार के लिए उन्होंने आज पुरुलिया जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित किया। पत्नी और झामुमो विधायक कल्पना सोरेन भी उनके साथ हैं।
सीएम हेमंत सोरेन ने कल पुरुलिया जिले में काशीपुर, पंचा और मान बाजार में तीन अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में उन्होंने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के लिए वोट की अपील की और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार और भाजपा धर्म के आधार पर समाज में जहर घोल रही है तथा लोगों को बांटने की कोशिश कर रही है।
हेमंत सोरेन ने कहा, हर वर्ग ममता दीदी के साथ खड़ा है। भाजपा मुंह में राम और बगल में छुरी लेकर चल रही है। पीएम झूठ बोलने में माहिर हैं। बंगाल में भाजपा नहीं, बल्कि इलेक्शन कमीशन चुनाव लड़ रहा है।” उन्होंने आदिवासी और पिछड़े वर्गों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय दलों की एकता पर जोर दिया।
झामुमो का स्पष्ट रुख है कि बंगाल में भाजपा को सत्ता से दूर रखना है। इसी रणनीति के तहत JMM ने TMC का समर्थन किया है। हेमंत सोरेन का यह दौरा पुरुलिया, बांकुड़ा और झाड़ग्राम जैसे झारखंड से सटे जिलों पर केंद्रित है, जहां आदिवासी मतदाताओं की अच्छी संख्या है।
आज हेमंत सोरेन बांकुड़ा और झाड़ग्राम के क्षेत्र में प्रचार करेंगे। जनता से टीएमसी को वोट देने की अपील करेंगे।
भाजपा ने इस दौरे पर सवाल उठाते हुए कहा है कि हेमंत सोरेन को पहले झारखंड की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। वहीं, TMC ने हेमंत सोरेन के समर्थन को “क्षेत्रीय दलों की मजबूत एकता” बताया है।
यह दौरा 2026 के बंगाल चुनाव में INDIA गठबंधन की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, हालांकि कांग्रेस के साथ JMM के रिश्तों को लेकर कुछ चर्चाएं भी चल रही हैं।