महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु रामगढ़ में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित

Spread the News

रामगढ़, 18 अप्रैल: जिला उद्योग केंद्र, रामगढ़ द्वारा होटल मिलन में महिला नेतृत्व वाले उद्यमों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक जिला स्तरीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यशाला उद्योग विभाग, झारखंड सरकार एवं झारखंड औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में विश्व बैंक समर्थित RAMP कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित की गई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को औपचारिक रूप प्रदान करना, उनकी प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाना और विशेष रूप से महिला उद्यमिता को सशक्त बनाना था। प्रतिभागियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता, कौशल प्रशिक्षण, विपणन रणनीतियों तथा उद्यम स्थापना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन EoDB मैनेजर अंशुमन सिंह ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर जिला उप परियोजना निदेशक संजय कुमार मंडल, जन शिक्षण संस्थान के निदेशक आकाश शाह, झारक्राफ्ट के वरीय क्लस्टर प्रबंधक श्री राजीव साहु, प्रखंड उद्यमी समन्वयक अभिषेक कुमार सहित जिला उद्योग केंद्र के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

प्रतिभागियों ने महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली ऐसी कार्यशालाओं को बेहद उपयोगी बताया और भविष्य में भी इनके आयोजन की मांग की। कार्यक्रम के समापन पर सफल महिला उद्यमियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाली उद्यमियों में अमरजीत कौर (पापड़-अचार), किरण कुमारी (सिलाई कार्य), सुनीता कुमारी वर्मन (अचार-पापड़) और दीपमाला (ब्यूटिशियन) शामिल रहीं। अतिथियों द्वारा उन्हें उपहार देकर सम्मानित किया गया।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उद्यमिता विकास में इस प्रकार के कार्यक्रमों की सराहना की।