रामगढ़ 14 अप्रैल: समाहरणालय परिसर स्थित ब्लॉक-बी सभाकक्ष में सोमवार को उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप विकास आयुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण, भूमि चिन्हितकरण, निविदा प्रक्रिया एवं निर्मित भवनों के हस्तांतरण कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों में रसोई, बिजली, शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में डीएमएफटी मद से आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण, अनुरक्षण एवं मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों के सह-स्थापन और प्राथमिक विद्यालयों के साथ समन्वय स्थापित कर बेहतर आधारभूत संरचना विकसित करने पर बल दिया गया।
आकांक्षी क्षेत्रों में सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन, जल-छाजन, पोषण वाटिका एवं ECCE गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सेविका एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, Poshan Tracker App में शुद्ध एवं नियमित प्रविष्टि तथा लाभुकों को FRS के तहत समय पर सेवा उपलब्ध कराने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निष्पादन, APAAR एवं ABHA ID के शत-प्रतिशत आच्छादन, शक्ति सदन एवं वन स्टॉप सेंटर के संचालन तथा पालनाघरों से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।