मुंबई, 12 अप्रैल 2026: भारतीय सिनेमा की दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले की तबीयत शनिवार शाम अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के प्रतिष्ठित ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में उनके दिल का दौरा पड़ने की खबर आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में रखा गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, 92 वर्षीय गायिका को फेफड़ों से जुड़ी कुछ समस्याएं भी थीं और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे माइल्ड हार्ट अटैक बताया गया है, जबकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने सोशल मीडिया पर परिवार की ओर से स्पष्ट किया कि दादी को अत्यधिक थकान और छाती में इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने लिखा, “मेरी दादी आशा भोसले को बहुत ज्यादा थकान और छाती के इन्फेक्शन के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया है। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि परिवार की निजता का सम्मान करें। इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा। हम आपको सकारात्मक अपडेट देंगे।”
परिवार ने मीडिया और प्रशंसकों से अफवाहों से बचने और प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की है।
आशा भोसले हिंदी सिनेमा की सुरों की मल्लिका कही जाती हैं। उन्होंने छह दशकों से अधिक की करियर में हजारों गाने गाए और लता मंगेशकर के साथ भारतीय संगीत की अनमोल धरोहर हैं। उन्हें पद्म विभूषण समेत अनेक सम्मानों से नवाजा जा चुका है। 90 वर्ष की उम्र पार करने के बाद भी वे संगीत से जुड़ी रहीं।
संगीत जगत और उनके लाखों प्रशंसक आशा ताई के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। अस्पताल या परिवार की ओर से अभी कोई नया मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं हुआ है।