13 अप्रैल को रामगढ़ के गुरु नानक पब्लिक स्कूल में प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण कार्यशाला

Spread the News

रामगढ़, 12 अप्रैल: आपातकालीन स्थितियों में त्वरित जीवनरक्षा के लिए जिला प्रशासन रामगढ़ द्वारा आमजन में प्राथमिक उपचार और सीपीआर की जागरूकता बढ़ाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सोमवार, 13 अप्रैल 2026 को रामगढ़ शहर स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल में प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर विषय पर एक विशेष कार्यशाला सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों को आपात स्थिति जैसे दुर्घटना, हार्ट अटैक या अन्य स्वास्थ्य संबंधी संकट के समय सही और प्रभावी प्राथमिक सहायता प्रदान करने का कौशल सिखाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से लोगों को सीपीआर की सही तकनीक, रक्तस्राव रोकने, घाव की देखभाल और अन्य जीवनरक्षक उपायों की जानकारी दी जाएगी, ताकि कीमती समय बर्बाद होने से पहले जान बचाई जा सके।

जिला प्रशासन रामगढ़ ने सभी आमजन, ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों, अभिभावकों, स्कूली विद्यार्थियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हों और इस महत्वपूर्ण प्रशिक्षण का लाभ उठाएं। प्रशासन का मानना है कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम समाज को अधिक सतर्क और तैयार बनाते हैं तथा किसी भी आपदा या दुर्घटना में सामूहिक रूप से जीवन बचाने में मदद करते हैं।