राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में भर्ती साक्षात्कार संपन्न , 460 अभ्यर्थियों ने किया पंजीकरण, पारदर्शी प्रक्रिया से चयन

Spread the News

रामगढ़, 22 मार्च 2026: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ में रविवार को प्रशासनिक पदों, शिक्षकों, अस्पताल प्रशासनिक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती के लिए आयोजित साक्षात्कार सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में कुल 460 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया और सैकड़ों योग्य उम्मीदवारों ने सक्रिय भाग लिया।

विश्वविद्यालय द्वारा विभिन्न पदों जैसे प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रशासनिक अधिकारी एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्रारंभिक छंटनी के बाद आयोजित साक्षात्कार में विभिन्न विश्वविद्यालयों के विषय विशेषज्ञों की समिति ने अभ्यर्थियों के ज्ञान, शिक्षण कौशल, संचार क्षमता एवं व्यक्तित्व का गहन मूल्यांकन किया। शिक्षण पदों के लिए सभी उम्मीदवारों से “डेमो क्लास” भी ली गई, ताकि उनकी पढ़ाने की वास्तविक क्षमता का सही आकलन हो सके।

कुलाधिपति बी.एन. साह ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं योग्यता-आधारित रही है। चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही सूचित किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, सचिव प्रियंका कुमारी, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से यह आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को मजबूत करना एवं प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि नए चयनित शिक्षक एवं कर्मचारी संस्थान के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।