भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में बनाई जगह

Spread the News

कोलकाता, 2 मार्च 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। आज ईडन गार्डन्स, कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर-8 के निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया ने 5 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। यह मैच वर्चुअल क्वार्टरफाइनल की तरह था, जहां जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंचती और हारने वाली बाहर हो जाती।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर की उपयोगी पारियों ने वेस्टइंडीज को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में भारत को 196 रनों का लक्ष्य मिला, जो टी20 विश्व कप में उनका अब तक का सबसे बड़ा सफल चेज साबित हुआ।

ओपनर संजू सैमसन ने कमाल की बल्लेबाजी की और नाबाद 97 रन (50 गेंदों पर) बनाए। उन्होंने 9 चौके और 12 छक्के लगाए। सैमसन ने सिर्फ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और पूरे मैच में दबाव में टीम को संभाला। उनकी इस पारी ने भारत को 19.2 ओवर में 199/5 बनाकर जीत दिलाई। यह भारत का टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे बड़ा चेज रहा। अन्य बल्लेबाजों में सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी में 2 विकेट चटकाए।

इस जीत के साथ भारत ग्रुप-1 से दूसरे स्थान पर रहा और सेमीफाइनल में पहुंच गया। अब टीम इंडिया का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा 5 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई  में होगा।

पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अन्य टीमें: इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड। टीम इंडिया के शानदार प्रदर्शन पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। संजू सैमसन की पारी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। फैंस अब सेमीफाइनल में भारत की जीत की उम्मीद कर रहे हैं।