पतरातू/रामगढ़, 25 फरवरी 2026: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी एवं मनरेगा के संयुक्त प्रयास से बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत 3 दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का शुभारंभ 24 फरवरी 2026 को प्रखंड सभागार, पतरातू में हुआ। कार्यक्रम का समापन चितरपुर प्रखंड में फील्ड एक्सपोजर के साथ संपन्न हुआ।
मनरेगा लाभुकों एवं जेएसएलपीएस की बागवानी सखियों ने इसमें सक्रिय भागीदारी की। मुख्य उद्देश्य आम बागवानी को सुदृढ़ करना, उत्पादन बढ़ाना तथा सामूहिकीकरण एवं व्यवस्थित विपणन को प्रोत्साहित करना है। प्रशिक्षण में वैज्ञानिक बाग प्रबंधन, ग्राफ्टेड पौध चयन, गड्ढा निर्माण, पौधरोपण, पोषण, कीट-रोग नियंत्रण, सिंचाई एवं पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट पर विस्तृत जानकारी दी गई।
आम उत्पादकों को समूह आधारित मॉडल से जोड़कर सामूहिक बिक्री, बाजार से सीधा संपर्क, बेहतर मूल्य एवं बिचौलियों पर निर्भरता कम करने की रणनीति पर जोर दिया गया। एफपीओ/समूह विपणन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग की जानकारी भी साझा की गई, ताकि किसानों की आय स्थायी रूप से बढ़े।
जेएसएलपीएस जिला प्रबंध अजय कुमार लाल ने कहा कि आम उत्पादन को संगठित कर बाजार से जोड़ना समय की मांग है, इससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रशिक्षक श्री हिमांशु निगम ने वैज्ञानिक खेती एवं सामूहिक विपणन पर प्रकाश डाला।
यह कार्यक्रम ग्रामीण आय वृद्धि, हरित आवरण विस्तार तथा लखपति दीदी योजना से जुड़ाव में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।