रामगढ़ के उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने दुलमी प्रखंड का किया दौरा, विकास योजनाओं का लिया जायजा

Spread the News

रामगढ़, 13 फरवरी: रामगढ़ जिले के उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने गुरुवार को दुलमी प्रखंड अंतर्गत इचातु पंचायत का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मनरेगा, अबुआ आवास, अमृत सरोवर, जलछाजन योजना, जेएसएलपीएस सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा इनकी प्रगति की गहन समीक्षा की।

दौरे के दौरान उप विकास आयुक्त ने मनरेगा के तहत संचालित आम बागवानी योजना का जायजा लिया। उन्होंने लाभुकों से सीधे बातचीत की और योजना से मिल रहे लाभ की जानकारी प्राप्त की। अग्रवाल ने जोर दिया कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ पहुंचे।

इसके बाद उन्होंने इचातु पंचायत में निर्माणाधीन अबुआ आवासों का निरीक्षण किया। कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर लाभुकों को समय पर आवास उपलब्ध कराया जाए।

उप विकास आयुक्त ने जलछाजन योजना के अंतर्गत निर्मित अमृत सरोवर का भी दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने सरोवर परिसर में पौधरोपण किया तथा इसके संरक्षण, रख-रखाव और नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही, जलछाजन योजना के तहत उपलब्ध कराए गए टीलर मशीनों के उपयोग से लाभुकों की आय में वृद्धि की संभावनाओं पर चर्चा की और संसाधनों के समुचित उपयोग पर बल दिया।

जेएसएलपीएस के अंतर्गत संचालित योजनाओं जैसे मुर्गी शेड निर्माण आदि का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित स्वयं सहायता समूहों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

दौरे के अंत में पंचायत भवन इचातु का निरीक्षण किया गया। यहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए उप विकास आयुक्त ने पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इस मौके पर सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी विजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और समय-समय पर ऐसे दौरे जारी रहेंगे।