नगरपालिका चुनाव को लेकर रामगढ़ महाविद्यालय में डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम व मतगणना केंद्र का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

Spread the News

रामगढ़, 01 फरवरी: नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज ने रामगढ़ महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने महाविद्यालय में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र का बारीकी से जायजा लिया तथा उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की और चुनाव की सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं योजनाबद्ध तरीके से पूरा करने के महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया तथा निर्वाचन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, भवन प्रमंडल रामगढ़ के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन द्वारा ऐसे निरीक्षणों से स्पष्ट है कि आगामी नगर पालिका चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।