दयाल स्टील फैक्ट्री से 20 क्विंटल कॉपर लूट का मामला सुलझा, 7 बदमाश गिरफ्तार, 3 लाख का माल बरामद

Spread the News

रामगढ़, 22 जनवरी: पुलिस ने दयाल स्टील फैक्ट्री लूट मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। 12 जनवरी 2026 की मध्यरात्रि करीब 1:30 बजे रामगढ़ थाना क्षेत्र के चाहा स्थित दयाल स्टील फैक्ट्री में 10-12 अज्ञात अपराधियों ने चारदीवारी तोड़कर घुसपैठ की। पिस्टल दिखाकर सुरक्षा गार्डों और कर्मचारियों को बंधक बनाकर उन्होंने लगभग 2000-2200 किलोग्राम कॉपर वायर सहित अन्य सामान लूट लिया और चार चक्का वाहन से फरार हो गए। इस घटना में रामगढ़ थाना कांड संख्या-11/2026 धारा 310(2) बीएनएस-2023 के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी परमेश्वर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी।

22 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि लुटेरे एनएच-23 बारलौग छतरमांडू क्षेत्र में पुनः लूट की फिराक में हैं। टीम ने तुरंत चेकिंग लगाई। बिना नंबर प्लेट वाले बोलेरो को रोका गया, जिसमें सवार छह आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अख्तर अली, सन्नी कुमार, रणधीर कुमार, नागेश्वर बेलदार उर्फ हनी, पंकज कुमार और गौरी कुमार शामिल हैं। गौरी कुमार के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली और 1,03,000 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने लूटे सामान बेचकर मिले पैसे होने की बात कबूली।

अभियुक्तों के निशानदेही पर हजारीबाग के ईचाक थाना क्षेत्र में मुकेश कसेरा के घर से बाकी लूट का सामान बरामद किया गया। कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हुए। बरामदगी में करीब 250 किलो कॉपर वायर मूल्य लगभग 3 लाख रुपये, 5 एंड्रॉयड मोबाइल, 1 कीपैड मोबाइल, एक टाटा मैजिक (झ-09यू-8102) और बिना नंबर बोलेरो शामिल हैं। पुलिस ने मामले को तेजी से सुलझाने में सफलता हासिल की है।