रामगढ़ में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ: उपायुक्त ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी

Spread the News

रामगढ़, 05 जनवरी 2026: राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत रामगढ़ जिले में बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस माह का थीम “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” रखा गया है। 1 जनवरी से 31 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान के क्रम में सोमवार को समाहरणालय परिसर में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के साथ मिलकर सड़क सुरक्षा जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में घूमकर लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे।

इस दौरान सड़क सुरक्षा माह के तहत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अन्य पदाधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिकों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। साथ ही, उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने रंग-बिरंगे गुब्बारे हवा में छोड़कर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया और सभी से अपील की कि वे खुद नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।

अपने संबोधन में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता बहुत जरूरी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल, तेज रफ्तार से वाहन न चलाना और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने से दुर्घटनाओं को काफी कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सह जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता, विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले में कई अन्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों में व्यापक चेतना फैलाई जा सके।