नए साल से पहले झारखंड के युवाओं को बड़ी सौगात: CM हेमंत सोरेन ने 1900 से अधिक CGL सफल अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 30 दिसंबर 2025: राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए आज का दिन विशेष महत्व रखता है। राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर 1:30 बजे आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झारखंड सामान्य स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 में चयनित लगभग 1927 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। सरकार इसे युवाओं के लिए रोजगार अवसर बढ़ाने की दिशा में एक प्रमुख कदम मान रही है।

इस नियुक्ति अभियान के तहत विभिन्न विभागों में कुल 2025 पदों पर भर्ती पूरी की जा रही है। प्रमुख पद इस प्रकार हैं: सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक सह कानूनगो, कनीय सचिवालय सहायक, प्लानिंग असिस्टेंट।

परीक्षा 21 और 22 सितंबर को सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। कुछ अभ्यर्थियों द्वारा गड़बड़ी के आरोप लगाने पर मामला झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा और परिणाम पर अस्थायी रोक लगी। हालांकि, 3 दिसंबर को कोर्ट ने रोक हटाई, जिसके बाद JSSC ने रिजल्ट घोषित किया और नियुक्ति प्रक्रिया को गति दी।

मुख्यमंत्री समारोह में युवाओं को संबोधित करेंगे तथा सरकारी सेवाओं में पारदर्शी अवसर उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराएंगे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं! ये नियुक्तियां राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाएंगी और विकास प्रक्रिया में नई गति प्रदान करेंगी।