रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
नई दिल्ली, 26 दिसंबर 2025: बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार (खेल श्रेणी) से सम्मानित किया। यह पुरस्कार बच्चों के लिए देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है, जो असाधारण उपलब्धियों के लिए दिया जाता है।
मात्र 14 वर्ष की आयु में वैभव ने क्रिकेट जगत में कई रिकॉर्ड तोड़े हैं। हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ मात्र 84 गेंदों पर 190 रन बनाकर उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक और सबसे तेज 150 रन का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और आईपीएल में भी उन्होंने धमाकेदार प्रदर्शन किया था। राजस्थान रॉयल्स की ओर से आईपीएल खेलने वाले वैभव बिहार की मिट्टी से निकला एक चमकता सितारा हैं, जो अब पूरे देश का गौरव बन चुके हैं।
इस सम्मान समारोह में वैभव सहित 20 बच्चों को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद वैभव ने कहा कि यह सम्मान उन्हें और मेहनत करने की प्रेरणा देगा। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन और उनके कोच ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। वैभव जैसे युवा प्रतिभाएं भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत हैं।