झारखंड स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की तबीयत बिगड़ी, जनता से दुआओं की अपील

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 23 दिसंबर 2025: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। मंत्री ने खुद सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि निजी पीड़ा और स्वास्थ्य समस्या के बावजूद वे जनता की सेहत और विभाग की जिम्मेदारी को सर्वोपरि रखते हुए काम जारी रखेंगे।

मंत्री ने कहा, “शरीर थका हुआ है, मन भारी है, लेकिन फाइलें नहीं रुकेंगी, फैसले नहीं टलेंगे। किसी मरीज या मां-बहन की तकलीफ बर्दाश्त नहीं की जा सकती।” उन्होंने जनता से समर्थन और दुआओं की अपील की, साथ ही भरोसा दिलाया कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को देश की बेहतरीन व्यवस्थाओं में शामिल करेंगे।

इस पोस्ट में मंत्री ने उन तत्वों पर भी नाराजगी जताई जो स्वास्थ्य विभाग को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशें उन्हें गहरी पीड़ा देती हैं।

हाल के दिनों में मंत्री सक्रिय रहे हैं। चाईबासा शव वाहन घटना के बाद सभी सदर अस्पतालों में 4-4 मोक्ष वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बिहार हिजाब विवाद में डॉ. नुसरत परवीन को 3 लाख वेतन वाली नौकरी का ऑफर दिया, जिस पर विवाद भी हुआ। कल धनबाद दौरा प्रस्तावित है।

मंत्री की जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए जनता ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दी हैं।