रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
भुरकुंडा (रामगढ़), 20 दिसंबर : झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा बाजार में शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में सनसनीखेज लूट की घटना को अंजाम दिया। मोटरसाइकिल से आए पांच बदमाशों में से चार ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था, जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था। उनके पास पिस्तौल और रिवॉल्वर जैसे हथियार थे।
बदमाशों ने हथियारों की नोक पर दुकान मालिक विजय ज्वेलर्स और कर्मचारियों को काबू में लेकर सोने-चांदी के गहनों की लूटपाट की। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लुटेरों ने लगभग 30 से 32 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और करीब साढ़े दो लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। फरार होने से पहले उन्होंने दुकान मालिक और एक कर्मचारी के मोबाइल फोन भी छीन लिए।
वारदात के बाद सभी अपराधी मोटरसाइकिल से जेएम कॉलेज की दिशा में भाग निकले। घटना की खबर फैलते ही बाजार में स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। भुरकुंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी।
शाम के समय हुई इस बड़ी लूट की घटना से पूरे रामगढ़ जिले में हड़कंप मच गया है। बाजार इलाके में दहशत का वातावरण है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में छापेमारी तेज कर दी है और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।