रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 20 दिसंबर 2025: झारखंड के रामगढ़ जिले में सर्दी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते दो दिनों से शाम ढलते ही ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोगों में ठिठुरन बढ़ रही है। सुबह घनी धुंध और ओस पड़ने से सड़कों पर दृश्यता कम हो रही है और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची के अनुसार, रामगढ़ सहित झारखंड के कई जिलों में शीतलहर का प्रभाव बना हुआ है। जिले में न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से काफी नीचे है। दिन में अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री तक रहता है, लेकिन साफ आसमान और सूखे मौसम से रातें और शामें अत्यधिक ठंडी हो रही हैं।
इस बढ़ती ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोग शाम 5 बजे के बाद बाहर निकलने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। बच्चों और बुजुर्गों में सर्दी-खांसी की शिकायतें बढ़ी हैं। कृषि क्षेत्र में भी ओस से फसलों को नुकसान की आशंका है।
ठंड से राहत देने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिले के मुख्य चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है। जरूरतमंद लोग इन अलावों का सहारा लेकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को अलाव की निरंतर निगरानी और ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
भारत मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान में अगले कुछ दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। ठंड से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े, मफलर और टोपी का उपयोग करें तथा बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।