झारखंड में घने कोहरे का कहर: रांची-रामगढ़ समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 19 दिसंबर 2025: भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी-मध्य हिस्सों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आज सुबह से ही रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, चतरा, लातेहार समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, यह स्थिति 18 से 20 दिसंबर तक बनी रहेगी।

सुबह के समय कई जगहों पर विजिबिलिटी 400-600 मीटर तक सिमट गई, जिससे सड़क यातायात पर असर पड़ रहा है। रांची में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जबकि दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रहा। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण कोहरा और घना हो रहा है।

कोहरे के कारण हाईवे पर वाहन धीमी गति से चल रहे हैं। रांची एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। पुलिस ने चालकों से फॉग लाइट्स का इस्तेमाल करने और सावधानी बरतने की अपील की है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची केंद्र के वैज्ञानिकों ने कहा कि सुबह 5 से 10 बजे तक यात्रा टालें। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, खासकर बच्चे और बुजर्ग। राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है, कोई बारिश की संभावना नहीं। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है।