रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 13 दिसंबर 2025: झारखंड में चल रही शीतलहर के बीच रामगढ़ जिला प्रशासन ने संवेदनशील कदम उठाया है। उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज ने शुक्रवार देर रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और खुले में रात गुजारने वाले गरीब एवं असहाय लोगों के बीच गर्म कंबलों का वितरण किया।
इस दौरान उपायुक्त ने रामगढ़ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ट्रकर स्टैंड, थाना चौक, चट्टी बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क किनारे और खुले स्थानों पर ठंड से जूझ रहे लोगों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और उनकी जरूरतों का जायजा लिया।
उपायुक्त श्री मुमताज ने कहा, “जिला प्रशासन ठंड से बचाव के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। कंबल वितरण के अलावा रैन बसेरों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड का शिकार न हो।”
यह पहल जिला प्रशासन की सक्रियता और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाती है। राज्य में कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी है, ऐसे में ऐसे प्रयास जरूरतमंदों को बड़ी राहत प्रदान कर रहे हैं।