रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 12 दिसंबर 2025: झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 2025 बुधवार को समाप्त हो गया। सत्र के अंतिम दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बजट चर्चा के दौरान केंद्र सरकार पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने गैर-बीजेपी शासित राज्यों के साथ भेदभाव का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र की नीतियां राज्य के विकास को बाधित कर रही हैं।
सोरेन ने सदन में कहा, “केंद्र सरकार गैर-बीजेपी राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। छात्रवृत्ति, फेलोशिप और शिक्षा अनुदान में 90 प्रतिशत तक कटौती की गई है, जिससे झारखंड के युवाओं को भारी नुकसान हो रहा है।” उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी जैसे राष्ट्रीय मुद्दों से ध्यान भटकाने का भी आरोप लगाया।
विपक्ष पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा, “लोकतंत्र में विपक्ष सत्ता को आईना दिखाता है, लेकिन भाजपा विधायक सदन से गायब हो गए।” उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों को उजाड़ने की साजिश का जिक्र कर जोर दिया, “कोई हमें डरा या झुका नहीं सकता। झारखंड अब 25 साल का मजबूत युवा राज्य है।”
पांच दिवसीय सत्र में अनुपूरक बजट पारित हुआ और झारखंड पर्यटन विकास संशोधन विधेयक 2025 जैसे कानून पास किए गए। सरकार ने युवाओं के लिए मुफ्त कोचिंग, नई विश्वविद्यालय और पिछड़े वर्गों के विकास की उपलब्धियां गिनाईं।
यह भाषण केंद्र-राज्य संबंधों में बढ़ते तनाव को दर्शाता है। विपक्ष ने विधि-व्यवस्था पर सरकार को घेरा, लेकिन अंतिम दिन भाजपा विधायकों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी।