रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 5 दिसंबर: भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के तहत आगामी 14 दिसंबर 2025 को रामगढ़ जिला टाउन हॉल में दिव्यांगजनों के लिए भव्य ‘पर्पल फेस्ट-2025’ का आयोजन किया जा रहा है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में समेकित क्षेत्रीय केंद्र रांची के निदेशक सूर्यमणि प्रसाद एवं पुनर्वास अधिकारी बसंत कुमार प्रधान उपस्थित रहे। विभिन्न दिव्यांग संस्थाओं के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
सीआरसी निदेशक सूर्यमणि प्रसाद ने बताया कि पर्पल फेस्ट का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना, उनकी प्रतिभा को मंच देना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। मेले में सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम, निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण, UDID कार्ड का तत्काल रजिस्ट्रेशन, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, दिव्यांग कलाकारों की कला गैलरी, खुला मंच, दिव्यांग उद्यमियों द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री स्टॉल आदि आकर्षण रहेंगे।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो ने जिले के सभी प्रखंडों के दिव्यांगजनों से अपील की है कि वे 14 दिसंबर को अधिक-से-अधिक संख्या में टाउन हॉल पहुँचकर एक ही छत के नीचे मिलने वाली सभी सुविधाओं का लाभ उठाएँ। यह आयोजन दिव्यांगजनों के लिए एक सुनहरा अवसर साबित होगा।