रामगढ़ में ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का धूमधाम से शुभारंभ  

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 22 नवंबर 2025: झारखंड सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम “आपकी योजना-आपकी सरकार, आपके द्वार” के तहत कल से जिले में “सेवा का अधिकार सप्ताह” (21 से 28 नवंबर 2025) शुरू हो गया। पहले दिन शुक्रवार को जिले के 8 विभिन्न स्थानों पर लगे शिविरों में ग्रामीणों व शहरवासियों की भारी भीड़ देखी गई।

जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त वरिष्ठ अधिकारियों, नोडल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों व अंचल अधिकारियों ने मौके पर ही सैकड़ों लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ, परिसंपत्ति वितरण तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए। शिविरों का मुख्य उद्देश्य “झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011” के तहत सूचीबद्ध सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में आमजन तक पहुँचाना है।

शिविरों में प्राथमुख रूप से जाति, आय, स्थानीय निवासी, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र, नया राशन कार्ड, दाखिल-खारिज, जमीन की मापी, भूमि धारण प्रमाण-पत्र तथा वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन आदि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन प्राथमिकता से लिए जा रहे हैं। इनके अलावा अधिनियम में शामिल सभी सेवाओं के आवेदन भी स्वीकार किए जा रहे हैं।

विशेष व्यवस्था के तहत अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही पोर्टल पर पंजीकरण कर ऑन-द-स्पॉट निपटारा किया जा रहा है। लाभुकों को दस्तावेज सौंपते समय उनकी तस्वीर भी पोर्टल पर अपलोड की जा रही है। शेष मामलों को अधिनियम की समय-सीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया गया है।

आगामी दिनों में जिले की सभी पंचायतों, नगर परिषद व छावनी वार्डों में एक-एक शिविर आयोजित होगा ताकि अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सुविधाएँ पहुँच सकें।