रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 14 नवंबर 2025: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग ने शुक्रवार को बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने हस्तकला, चित्रकला, खेलकूद, नृत्य-संगीत और स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टाल सजाए, जो देखते ही बनते थे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय कुलाधिपति बी एन साह ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा- “बच्चों से हमें जीने का हुनर सीखना चाहिए। वे असफलता को स्वीकार करते हैं, गलतियों से सीखते हैं और छोटी-छोटी बातों में खुशी ढूंढ लेते हैं। यही जीवन का सच्चा गुण है।”
विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा, “बाल दिवस भारत का राष्ट्रीय पर्व है, जिसका उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।”
विभागध्यक्ष डॉ अंजू तिवारी ने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं देते हुए उपहार वितरित किए। उन्होंने इसे ‘बाल मेला’ करार देते हुए कहा कि यह आयोजन न केवल मनोरंजन का साधन है, बल्कि प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट मंच भी साबित हुआ।
कार्यक्रम में कुलपति प्रो (डॉ) रश्मि, कुलसचिव प्रो (डॉ) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो (डॉ) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित शिक्षा विभाग के सभी शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह आयोजन बच्चों की मासूमियत, रचनात्मकता और जीवन के प्रति उनके सकारात्मक दृष्टिकोण को समाज के सामने लाने में सफल रहा।