रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़ 15 नवंबर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती पर शनिवार को छावनी फुटबॉल मैदान में जिला स्तरीय कार्यक्रम सह प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर प्रशिक्षण का भव्य आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि विधायक रामगढ़ ममता देवी, विधायक बड़कागांव रोशन लाल चौधरी, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज, पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी एवं सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया।
ममता देवी ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने राज्य सरकार की योजनाओं की सराहना की एवं आगामी ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम की जानकारी दी। उपायुक्त द्वारा शुरू प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण की प्रशंसा करते हुए सभी से इसमें भाग लेने की अपील की।
विधायक रोशन लाल चौधरी ने राज्य के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला एवं रामगढ़ के सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास की बात कही। उपायुक्त मुमताज ने पिछले 5 माह में 1,75,000 लोगों को दिए गए प्रशिक्षण की जानकारी दी। लक्ष्य 2 लाख लोगों को प्रशिक्षित करना है, ताकि हार्ट अटैक, चोकिंग, ब्लीडिंग, बर्न, फ्रैक्चर, डूबना, सांप काटना आदि में त्वरित सहायता मिल सके।
सिविल सर्जन डॉ. महालक्ष्मी प्रसाद की टीम ने सैकड़ों नागरिकों को सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम में हरा राशन कार्ड, धोती-साड़ी, चना दाल, सोलर पंप, नियुक्ति पत्र, मंइया सम्मान, वृद्धावस्था पेंशन, कन्यादान, किशोरी समृद्धि, अबुआ आवास, साइकिल, पशुधन योजना आदि का वितरण हुआ।