रामगढ़ में झारखंड रजत जयंती वर्ष का उत्साह चरम पर

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़ 14 नवंबर: झारखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष- विरासत, प्रगति और आकांक्षाएं के तीसरे दिन रामगढ़ जिले के सभी सरकारी एवं आवासीय विद्यालयों में रचनात्मक और कलात्मक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। प्रातःकालीन सभा में बच्चों को राज्य की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध इतिहास, आंदोलनकारियों और महापुरुषों की प्रेरक गाथाएं सुनाई गईं। इसमें 31,385 स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विद्यालयों में क्विज, निबंध लेखन, नृत्य, गायन, ड्रामा, कथा वाचन और पेंटिंग जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें 31,385 बच्चों ने अपनी छिपी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। यह आयोजन बच्चों में राज्य की विरासत के प्रति गर्व और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का माध्यम बना।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज 14 नवंबर 2025 को गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय, रामगढ़ के सभागार में जिला स्तरीय प्रतियोगिता होगी। सभी प्रखंडों से चयनित प्रतिभागी इसमें शामिल होंगे और विजेताओं को पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा।

जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार ने कहा, “यह कार्यक्रम बच्चों को झारखंड की कला-संस्कृति से जोड़ेगा और उनकी प्रतिभा निखारेगा।” अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी नलिनी रंजन ने बताया, “जिला स्तरीय आयोजन की सभी तैयारियां पूरी हैं।”

मौके पर एपीओ कुमार राज, इप्शिता तिर्की, शिक्षक राजकुमार नायक, नागेश्वर महतो, लवली विनीता, मिथलेश कुमार रविदास, नेहा कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे। यह उत्सव बच्चों में राज्य प्रेम और सृजनशीलता का संचार कर रहा है।